Karoli चोरी की वारदात को सुलझाने के लिए तीन टीमें गठित की गईं
करौली न्यूज़ डेस्क, क्षेत्र के परिता गांव में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने बुधवार को तीन टीमों का गठन कर अलग-अलग जगह दबिश देकर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया। थाना अधिकारी रुक्मणी गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस परिता गांव पहुंची और गांव सीसीटीवी एवं अन्य रेकॉर्ड खंगाले।ग्रामीणों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए। इधर गांव में इतनी बड़ी चोरी की वारदात होने के बाद लोगों में खासा रोष व्याप्त है। उन्होंने शीघ्र ही चोरों का पता लगाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि परीता गांव में एक मकान से सोमवार रात चोर गिरोह ने 49 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया।
जिसमें 16 लाख रुपए नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात शामिल है। आधी रात को घर में सो रही महिला जागी तो उसको चोरी की घटना का पता चला। परीता निवासी हरीश शर्मा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि अपनी बहन को तबीयत खराब होने के कारण विशनगिरी देवता पर लेकर गया पिता पास के बड़ौदा गांव में रामायण पाठ में चले गए थे। वहीं अन्य दो भाई कोटा किसी कंपनी में काम करते हैं वहां थे। घर पर मां योगामाया देवी अकेली थी। इस दौरान रात को चोरों ने घटना को अंजाम दिया। बक्से, सूटकेस, अलमारी को खंगाल कर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए।
हरीश शर्मा ने प्राथमिकी में बताया कि 4 चूड़ी, 1 जंजीर, 1 हार, 3 अंगूठी लेडीज, 1 पुरुष, 1 सीता रानी 1 कालर, 2 नथ, 2 टीका, कान की 1 झुमकी, 1 जोड़ी कान के सुई धागे, 2 जोड़ी मंगलसूत्र, सोने की 1 डरी 30 ग्राम, 300 ग्राम के करीब सोने के आभूषण, चांदी के 2 जोड़ी कड़े, 2 कोंदनी, चांदी के 80 पुराने सिक्के, 4 जोड़ी पायजेब, 1 सटका, 1 किलो चांदी की टूटफूट, 6 नग बिछवा, 1 जोड़ी छोटे बिछवा, 20 जोड़ी चुटकी, 2 जोड़ी पतली पायल, चांदी के 4 गिलास, चांदी के 2 डंडे एवं 7 किलो चांदी की चोरी होना बताया है। हरीश शर्मा ने बताया कि बहन की शादी के लिए 16 लाख रुपए रखे थे। जिसे चोर चुरा ले गए। मामले में रघुवंशी चौकी इंचार्ज हरिकेश ने बताया कि तीन टीमों का गठन कर चोरी के मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना अधिकारी रुक्मणी गुर्जर ने बताया चोरी की घटना में अनुसंधान शुरू कर दिया है।
