Aapka Rajasthan

Karoli निरक्षण में तीन शिक्षक मिले नदारद, कारण बताओ नोटिस जारी

 
Karoli निरक्षण में तीन शिक्षक मिले नदारद, कारण बताओ नोटिस जारी
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  जिलेभर में इन दिनों राज्य स्तरीय समान अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षाओं संबंधी व्यवस्थाओं का शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवाड़ी ने उडऩदस्ता दल के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में कहीं शिक्षक नदारद मिले तो कहीं स्टाफ के आपसी मनमुटाव को भी समझाइश के जरिए दूर करने का प्रयास किया। जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवाड़ी ने बताया कि उन्होंने समसा के सहायक परियोजना समन्वयक बिजेन्द्र प्रसाद शर्मा व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकरलाल शर्मा के साथ अर्द्धवार्षिक परीक्षा के मद्देनजर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाटदा तथा राउमावि लांगरा का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बाटदा विद्यालय में परीक्षाएं शान्तिपूर्ण ढंग से संचालित पाई गई।

विद्यालय परिसर के अन्दर साफ-सफाई, आईसीटी लैब, व्यावसायिक शिक्षा की गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया, जिसमें अधिकांश व्यवस्थाएं माकूल मिलीं। वहीं विद्यालय के तीन शिक्षक अनुपस्थित थे, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीईओ ने बताया कि इसके बाद उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लांगरा का निरीक्षण किया जहां परीक्षाओं से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाएं ठीक प्रकार संचालित पाई गई। वहीं विद्यालय स्टाफ के मध्य आपसी मतभेदों की बात सामने आई। इस पर उन्होंने समझाइश कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। साथ ही स्टाफ को आपसी मतभेद भुलाकर विद्यार्थियों के हित में शैक्षिक उन्नयन के लिए कार्य करने को निर्देशित किया।