पिछले एक महीने से जल संकट की मर झेल रहा राजस्थान का ये जिला! कॉलोनियों में 2 दिन से सप्लाई बंद, जनता मांग रही समाधान
करौली जिला मुख्यालय में जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। गोमती कॉलोनी और ट्रक यूनियन क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह से ठप है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह समस्या पिछले एक महीने से चल रही है। लोग रातभर जागकर पानी के इंतजार में रहते हैं, लेकिन नलों में पानी नहीं आता।
स्थानीय निवासी वासुदेव गुप्ता, मदन मोहन और पार्षद संजीव जैन ने इस मुद्दे को उठाया है। वासुदेव गुप्ता ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और जिला कलेक्टर को अवगत करा चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होती। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर एक-दो दिन जलापूर्ति शुरू होती है।
फिर वही पुरानी स्थिति हो जाती है। इससे साफ है कि विभाग स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। क्षेत्र के निवासी अब जवाबदेही और समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए रोजाना जद्दोजहद नहीं करनी चाहिए।
