शादी में गए परिवार के घर में पीछे चोरो ने किया हाथ साफ़, इस तरह चोरो ने उड़ाया लाखों रूपए का माल
करौली न्यूज़ डेस्क - हिंडौन सिटी की अमृतपुरी कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान से लाखों रुपए चोरी कर लिए। आयुर्वेद विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर सुरेश चंद शर्मा का परिवार कटकड़ गांव में अपने भतीजे की शादी में शामिल होने गया था। घटना रविवार रात की है। शर्मा का बेटा पुलकित रात करीब 11 बजे घर लौटा।
उसने देखा कि घर का पालतू कुत्ता बेहोश पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजे टूटे हुए थे और अलमारी खुली थी। पुलकित ने तुरंत अपने पिता को सूचना दी। कुछ ही घंटों में पूरा परिवार घर पहुंच गया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चोर मकान के पिछले हिस्से की जाली तोड़कर अंदर घुसे। मौके से लोहे की रॉड बरामद हुई है। चोर करीब सवा लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। परिवार पिछले दस दिन से कटकड़ में था।
रात को सिर्फ पुलकित ही अमृतपुरी स्थित मकान में सोने आता था। चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
