मौसम ने ली करवट! राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवा और बारिश का दौर, कल से शुरू होगी प्री-मानसून की बारिश
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। इस बीच राहत की खबर है। राजस्थान में 14-15 जून से प्री मानसून बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं। आने वाले दिनों में मानसून के पूर्वी और मध्य भारत के हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
दूसरी ओर, अलवर और नागौर जिलों में शुक्रवार दोपहर मौसम का मिजाज बदल गया। अलवर जिले के थानागाजी में बारिश और आंधी के बाद मौसम बदल गया। अच्छी बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। नागौर जिले के रिड़ क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे टीन शेड उड़ गए। कई बिजली के पोल और पेड़ धराशायी हो गए।
तेज बारिश से गर्मी से मिली राहत
अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र के निकट प्रतापगढ़ और आसपास के इलाकों में शुक्रवार दोपहर मौसम ने करवट ली। दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। करीब 15 मिनट तक तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी बहने लगा और धूल भरी हवाओं ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया।
नागौर जिले में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। रिड क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के कारण दुकानों के टीन शेड उड़ गए। बिजली के पोल और कई पेड़ धराशायी हो गए। झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में तेज आंधी के कारण कई घरों के टीन शेड उड़ गए। तेज आंधी के बाद बारिश हुई।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 14 जून को उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी और तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में लू चलने की संभावना है और दोपहर बाद मेघगर्जन, आंधी (50-60KMPH) और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 15 जून को अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर और पाली जिलों में भारी हवा और बारिश का ऑरेंज अलर्ट।16 जून को अजमेर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में भारी हवा और बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
