Aapka Rajasthan

सरकार बदली लेकिन करौली के इस इलाके में जलभराव और कीचड़ की समस्या नहीं, तंग आकर लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 
सरकार बदली लेकिन करौली के इस इलाके में जलभराव और कीचड़ की समस्या नहीं, तंग आकर लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

करौली न्यूज़ डेस्क - करौली के वार्ड नंबर 9 और 11 में जलभराव और कीचड़ की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी, राहगीर और स्कूली बच्चे रोजाना इस समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड में स्थित सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। इससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को खतरा बना हुआ है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन साल से यह समस्या बनी हुई है। कई बार नगर परिषद से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सड़क किनारे खुले में रखे ट्रांसफार्मर भी हादसों का कारण बन रहे हैं। पहले भी कई लोग इनकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। वार्ड के लोगों ने नगर परिषद और बिजली विभाग को चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करेंगे।

नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र वर्मा ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इससे घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर नहीं फैलेगा। जमा पानी की निकासी के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।