Aapka Rajasthan

Karauli विभिन्न मंदिरों के ठाकुरजी महाराज डोला में निकले

 
Karauli विभिन्न मंदिरों के ठाकुरजी महाराज डोला में निकले

करौली न्यूज़ डेस्क, हिंडौन शहर में जलझूलनी एकादशी पर शनिवार को ठाकुरजी के प्राचीन मंदिरों से परंपरागत भजन कीर्तन और धार्मिक जयकारों के साथ डोला निकाला गया। डोला में विराजे ठाकुरजी के दर्शनों के लिए मुख्य चौराहों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर भ्रमण करते हुए शाम करीब 5.30 बजे सभी डोला जलसेन तालाब के छत्तु घाट पर पहुंचे। वहां महिलाएं नवजात शिशु को गोद में लेकर डोला के नीचे से निकलकर परिक्रमा करती रहीं। श्रद्धालुओं ने डोला में विराजे ठाकुरजी को फल और मिठाई अर्पित की, जिसके उपरांत एकादशी का उपवास खोला गया।

हिंडौन शहर के विभिन्न मंदिरों जैसे कल्याणराय जी मंदिर, रघुनाथजी मंदिर, नर्सिंघ मंदिर, मुरलीधर मंदिर, गोपालजी मंदिर, केशवराय मंदिर, बिहारीजी मंदिर, उमाशंकर सत्संग भवन, महिषासुर मर्दनी मंदिर, प्रेम मंदिर, मोहन नगर शिवालय, और द्वारकापुरी स्थित राधाकृष्ण खाटूश्याम मंदिर में भी प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिरों के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने डोला में ठाकुरजी की प्रतिमा रखकर नगर भ्रमण कराया।

नगर भ्रमण से पूर्व मंदिरों में ठाकुरजी की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराया गया और नए वस्त्रों से अलंकृत किया गया। इसके बाद शाम 4 बजे मंदिरों से शंखनाद करते हुए झांझ-मंजीरा और गरुड़ घंटी के साथ डोला शुरू हुआ। डोला के दर्शनों के लिए श्रद्धालु चौराहों पर एकत्रित हुए। श्रद्धालुओं को तुलसी दल और गंगाजल प्रसाद के रूप में दिया गया।