Aapka Rajasthan

Karoli अमावस्या पर मंदिरों में सजी झांकी, हुए धार्मिक आयोजन

 
Karoli अमावस्या पर मंदिरों में सजी झांकी, हुए धार्मिक आयोजन

करौली न्यूज़ डेस्क, करोली मार्गशीर्ष महीने की अमावस्या के मौके पर रविवार को कस्बे सहित आसपास के गांवों में मंदिरों में ठाकुरजी की झांकी सजाने के साथ विशेष पूजा अर्चना हुई। मंदिरों में भजन संकीर्तन के साथ प्रसादी वितरण किया गया। गढ़मोरा कुंड में स्नान करने वाले लोगों की भीड़ रही। कस्बे के दाऊजी महाराज मंदिर परिसर में पुजारी मोहनलाल शर्मा ने दाऊजी महाराज का पंचामृत से अभिषेक कर धवल पोशाक पहनाईं। इसके बाद पूजा अर्चना कर माखन मिश्री का भोग लगाया। मंदिर परिसर में जयकारे गूंज उठे। घटवासन देवी के दरबार में भी पुजारी मेघराज शर्मा ने विशेष पूजा अर्चना की।

मंदिर समिति अध्यक्ष पूर्व सरपंच राम खिलाड़ी मीणा तिमावा ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से छाया पानी के इंतजाम किए गए। पंचमेड़ी धाम स्थित नृसिंह भगवान मंदिर में धार्मिक आयोजन हुए। संत मुनिश्वर दास महाराज ने नृसिंह भगवान का अभिषेक किया। दूर-दूर से आए भक्तों ने पूजा अर्चना कर ढोक लगाई। तिमावा गांव में गोपाल धाम मंदिर परिसर में भी लोगों की भीड़ रही। संत राधा कृष्ण दास महाराज ने गोपालजी महाराज की झांकी सजाई।पदमपुरा गांव में गिरिराज धरण मंदिर परिसर में भी अमावस्या पर भक्तों की भीड़ रही। गढ़मोरा गांव में भी प्राचीन कुंड में स्नान करने के लिए लोगों की भीड़ रही।देवनारायण भगवान मंदिर, कर्मावती जन्म धाम नारायणी माता मंदिर, गोपाल जी मंदिर आदि में भक्तों ने दर्शन किए।