राजस्थान के इस जिले में नदी-नालों में उफान! तेजी से बढ़ा जलस्तर तो खोले गए बांध के गेट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
राजस्थान के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से लोगों में दहशत का माहौल है। करौली जिले के पांचना बांध का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग ने बांध के द्वार खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है। इस मानसून सीजन में यह तीसरी बार है जब बांध से पानी छोड़ा गया है। सहायक अभियंता भवानी सिंह ने बताया कि बांध का जलस्तर 258.20 मीटर तक पहुँच गया है, जो इसके अधिकतम जलस्तर 258.62 मीटर के बेहद करीब है। इसे नियंत्रित करने के लिए बांध के द्वार संख्या 4 को 7.6 सेमी (3 इंच) खोल दिया गया है। इससे 333 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है।
इस मानसून में तीसरी बार पानी छोड़ा गया
जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मानसून में पांचना बांध के द्वार तीसरी बार खोले गए हैं। 9 जुलाई को पहली बार दो द्वार खोलकर पानी की निकासी की गई थी। बारिश के कारण बाँध में पानी का दबाव बढ़ रहा है, जिससे विभाग को बार-बार यह कदम उठाना पड़ रहा है।
निवासियों से सावधानी बरतने की अपील
विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले निवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी के प्रवाह क्षेत्र में जाने से बचना चाहिए और पशुओं को दूर रखना चाहिए। इससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सकता है। विभाग की टीमें बाँध के जलस्तर पर 24 घंटे नज़र रखती हैं।
