Aapka Rajasthan

Karoli स्मैक और साइबर ठगी जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई नशा न करने की शपथ

 
Karoli स्मैक और साइबर ठगी जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई नशा न करने की शपथ

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली में बढ़ते स्मैक के नशे और साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से करौली जिला पुलिस द्वारा अभियान का शुभारंभ हुआ है। अभियान के तहत एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कैलादेवी रोड स्थित राजौर और करसाई गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया।  जागरूकता शिविर में स्कूली छात्रों को स्मैक का नशा नहीं करने अन्य को भी नशा नहीं करने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस दौरान ग्रामीण और छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय की जानकारी दी। साथ ही आमजन को भी जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान एएसपी गुमनाराम, कैला देवी डीएसपी मीना मीणा, स्कूल ​प्रिंसिपल और ग्रामीण मौजूद रहे।

इस दौरान एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि स्मैक ऐसा नशा है, जिसके शिकंजे में आकर कई लोगों का जीवन नरकीय बना हुआ है। स्मैक के नशे के आदी लोगों का परिवार और सामाजिक जीवन भी नष्ट हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्मैक के कारोबार पर लगाम करने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बड़ी संख्या में स्मैक सप्लायर और विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने आमजन से भी स्मैक का कारोबार करने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने और पुलिस को सूचना देने की अपील की है। इस दौरान एसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें।

उन्होंने कहा कि बिना मेहनत के कमाई का झांसा देने वाले विज्ञापनों से बचें। इस दौरान उन्होंने बैंक खाता और पर्सनल जानकारी किसी से भी साझा नहीं करने की अपील की।

एएसपी गुमना राम ने कहा कि किसी भी साइबर फ्रॉड का शिकार होने की स्थिति में टोल फ्री नंबर और आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराए।