धूलंडी पर विशेष दर्शन! करौली के मदन मोहन मंदिर में चांदी के झूले में विराजमान हुए भगवान श्रीकृष्ण
करौली न्यूज़ डेस्क - धुलंडी के अवसर पर करौली के प्रसिद्ध मदन मोहन जी मंदिर में विशेष झूला झांकी देखने को मिली। रियासत काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार भगवान मदन मोहन, गोपाल जी, राधा और ललिता जी की मूर्तियों को चांदी के झूले में विराजमान किया गया। दोपहर से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया।
रात तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। बंशी वारे के जयकारे लगातार गूंजते रहे। मंगला आरती और अन्य झांकियों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते शहर के बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली। गोविंद देवजी मंदिर, गोपालजी मंदिर और नवल बिहारी मंदिर में भी झूला झांकी सजाई गई।
मदन मोहन जी मंदिर में साल में दो बार ही झूला झांकी देखने को मिलती है। पहली बार श्रावण मास की सावनी तीज पर और दूसरी बार धुलंडी के अवसर पर। इस दौरान कई मंदिरों में विशेष सजावट की गई। हजारों श्रद्धालुओं ने अपने देवता के दर्शन किए और समृद्धि की प्रार्थना की।
