Aapka Rajasthan

Karoli मांची गांव में सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीण भयभीत, मचा हड़कंप

 
Karoli मांची गांव में सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीण भयभीत, मचा हड़कंप
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली समीपवर्ती मांची गांव में एक सप्ताह से सर्प दंश की घटनाओं से ग्रामीण दशहत में है। दो दिन पूर्व कमरे में बैड पर सो रहे पिता-पुत्र की सर्पदंश से मृत्यु होने के बाद बुधवार तड़के सर्पदंश से चार जने जख्मी हो गए, जिन्हें सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन लोग मृतक पिता-पुत्र के परिजन तथा एक पड़ोसी महिला है। सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं के बाद अब ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।ग्रामीणों ने बताया कि 13 अक्टूबर को पुष्पेंद्र (32) तथा उनका पुत्र गर्वित (3) कमरे में बैड पर सो रहे थे। इस दौरान रात करीब दो बजे सांप ने पिता-पुत्र को काट लिया। परिजन चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां पुत्र की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया, जबकि पिता की उपचार के दौरान 14 अक्टूबर को मृत्यु हो गई।

मृतक पुष्पेंद्र के छोटे भाई नगेन्द्र ने बताया कि परिवार में शोक के चलते वह चाचा बाबूसिंह उर्फ मानसिंह तथा उनके पुत्र दीपेन्द्र के साथ मंगलवार रात को मकान के अहाते में जमीन पर पास-पास ही सो रहे थे। रात करीब पौने 4 बजे सर्प ने दीपेन्द्र के पैर में काट लिया। नगेन्द्र ने बताया कि सर्प बाबूसिंह की शर्ट के अंदर से निकला और उनके (नगेन्द्र) के सीने के ऊपर से गुजर गया। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे परिजन पीड़ितों को लेकर सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने आईसीयू में उनका उपचार किया। दूसरी ओर इसी परिवार से करीब 100 मीटर दूरी पर रहने वाले वाली महिला अंकिता को भी बुधवार सुबह करीब 6 बजे सर्प ने काट लिया। अंकिता को परिजनों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे आईसीयू में भर्ती कराया। दोपहर में जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना चिकित्सालय पहुंचे और सर्पदंश पीड़ितों की कुशलक्षेम जानकर चिकित्सकों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए।

वनकर्मियों की टीम गठित : क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेन्द्र मीना ने बताया कि मांची गांव में सांपों की अधिकता की सूचना पर चार कार्मिकों की टीम गठित की गई है। ग्रामीणों से आग्रह किया जा रहा है कि घरों के आसपास कूड़ा-करकट, बिटोरा आदि न बनाएं। सफाई रखें ताकि जहरीले जीव जंतु रहवास नहीं बना सकें।