Aapka Rajasthan

Karoli में गोपाल धाम पर शरद् पूर्णिमा महोत्सव का हुआ आगाज

 
Karoli में गोपाल धाम पर शरद् पूर्णिमा महोत्सव का हुआ आगाज

करौली न्यूज़ डेस्क, श्री गोपाल धाम विकास समिति के तत्वावधान में तिमावा गांव में गोपाल धाम मंदिर पर मंगलवार से जयकारों के साथ तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर गुफा में विराजमान गोपालजी महाराज सहित राधा रानी व संत जौहरी दास बाबा की चरण स्थल को फूल बंगला झांकी से सजाया गया। वृंदावन की आदर्श दाऊदयाल सिद्ध बाबा रास मंडल के तीन दर्जन से भी अधिक कलाकारों ने कृष्ण लीला की झांकियों का मंचन किया। इस मौके मंडली के स्वामी ताराचंद के सानिध्य में कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण व राधा रानी की झांकी सजाकर रासलीला की शुरुआत की। इसके बाद कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा में मामा कंस की जेल में जन्म का मंचन किया।

इस मौके पर बाल कृष्ण भगवान व नंदबाबा की झांकी सजाई गई। बांकेबिहारी लाल के जयकारों से पांडाल गूंज उठा। इसके बाद कलाकारों ने मयूर भगवान की झांकी सजाई। मयूर भगवान का घुटनों के बल सखियों के साथ नृत्य भी आकर्षण का केन्द्र रहा। इससे पहले वृंदावन के संत राम सुमिरन दास महाराज सहित संत राधा कृष्ण महाराज, सरपंच राजेद्र मीणा ने राधा कृष्ण सहित संत जौहरी दास बाबा की चरण स्थली के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा की। इसके बाद समिति अध्यक्ष धर्मसिंह बाबूजी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गुप्ता, समयसिंह मीना, बत्तू नयावासी, रामेश्वर ऑडिटर, ओमी मीना आदि ने संत-महात्माओं के साथ अतिथियों का स्वागत किया। समिति के प्रवक्ता राजेद्र मीणा ने बताया कि महोत्सव में पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने गोपालजी महाराज के दर्शन किए। इसके दोपहर बाद मथुरा, वृंदावन, काशी, हरिद्वार से आए संतों ने प्रवचन दिए। गोपाल धाम मंदिर परिसर में चल रहे शरद पूर्णिमा महोत्सव में वृंदावन की रासलीला मंडली के कलाकारों द्वारा बुधवार को प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक भगवान कृष्ण की माखन चोरी लीला का मंचन किया जाएगा।