Karoli टोडाभीम स्थित गोपाल गुफा में शरद पूर्णिमा महोत्सव शुरू
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली टोडाभीम उपखंड क्षेत्र के तिमावा स्थित गोपाल गुफा पर तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ आज विधिवत रूप से किया गया। गोपाल धाम विकास समिति तिमावा एवं आम जनता के सहयोग से दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ इस महोत्सव का आरंभ हुआ। वृंदावन के संत रामसुमरिन दास, गोपाल गुफा के संत राधाकृष्ण दास महाराज, और सरपंच राजेंद्र घाटोली ने ठाकुर जी की आरती उतार कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हर वर्ष गोपाल धाम पर शरद पूर्णिमा महोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों के साथ आस-पास के लोग भी भाग लेते हैं और महोत्सव का आनंद उठाते हैं।
समिति के प्रवक्ता राजेंद्र तिमावा ने बताया- शरद पूर्णिमा महोत्सव के दौरान विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रासलीला का आयोजन किया गया। अगले तीन दिनों तक प्रतिदिन चलेगा। दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक संतों द्वारा सत्संग और कीर्तन किया जाएगा। वहीं रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक रासलीला आयोजित की जाएगी। 17 अक्टूबर को प्रसादी वितरण किया जाएगा। इसके अलावा, रासलीला के उपरांत मां शारदा कला केंद्र गंगापुर सिटी के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
रासलीला में हुआ कृष्ण जन्म
आदर्श दाऊ दयाल सिद्ध बाबा रासलीला मंडल, वृंदावन के व्यास ताराचंद महाराज के निर्देशन में आयोजित रासलीला में आज पहले दिन महारास, कृष्ण जन्म और मोर भगवान की लीलाओं का मंचन किया गया। इस दौरान समिति अध्यक्ष धर्म सिंह मीना, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण गुप्ता, राम सिंह मीना, बबली गुप्ता, सरपंच राजेंद्र मीना, बट्टू नयावासी, रामेश्वर, उमेश, ओमी, गिरिराज कारीगर, रतन दास महाराज, फतेह सिंह, रामराज, केदार सोनी, मेघराम प्रजापत आदि उपस्थित रहे।
