Karoli पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क सीमा से हटाए कई पक्के अतिक्रमण
Sep 30, 2024, 08:20 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, सपोटरा उपखण्ड मुख्यालय परअतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ, जो दोपहर तक जारी रहा। सपोटरा थाना अधिकारी अनिल कुमार गौतम ने बताया सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा उपखंड मुख्यालय सपोटरा से बाईपास बूकना के लिए सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इस मार्ग में कुछ लोगों के द्वारा पक्के निर्माण कार्य कर सरकारी जमीन में अतिक्रमण कर रखा था। इसको लेकर विभाग ने अतिक्रमियों को नोटिस देकर स्वत: ही अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी, लेकिन अतिक्रमियों ने अतिक्रमण नहीं हटाए। इसके बाद उपखंड अधिकारी द्वारा पुलिस जाता उपलब्ध करवाने के लिए पत्र लिखा। थाना अधिकारी ने बताया तहसीलदार नवल किशोर शर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय से आगे अतिक्रमियों की दो दुकान एवं मकान के आगे, नगर पालिका की दीवार, एवं स्वास्थ्य केंद्र की दीवार एवं मुख्य मार्ग के टीन टप्परों को जेसीबी से हटवाया गया।
ग्रामीणों ने लगाए भेदभाव के आरोप:
उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान पिछले दिनों इस मार्ग के कई लोगों ने निर्माण कार्य में भेदभाव करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक के द्वारा निर्माण कार्य में भेदभाव किया जा रहा है। मापदंडों के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
नोटिस दिए थे, नहीं हटाए अतिक्रमण:
सार्वजनिक निर्माण विभाग सपोटरा के सहायक अभियंता राकेश मीणा ने बताया डांग स्टैंड वाले मार्ग में दो लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ था, जिन्हें पहले नोटिस दिए गए, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर पुलिस से सहयोग से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग में अन्य स्थानों से भी अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
