Aapka Rajasthan

राजस्थान के Karauli जिले में जलकर ख़ाक हो गए एक ही परिवार के 7 घर, लाखों रूपए की लगी चपत

 
राजस्थान के Karauli जिले में जलकर ख़ाक हो गए एक ही परिवार के 7 घर, लाखों रूपए की लगी चपत 

करौली न्यूज़ डेस्क - करौली के मंडरायल उपखंड के दरगावा गांव में शुक्रवार को एक परिवार के सात कच्चे मकान आग की चपेट में आ गए। दोपहर एक बजे अचानक लगी इस आग में सोने-चांदी के आभूषण और 60 मन अनाज जल गया। आग से करीब साढ़े छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

ट्यूबवेल और अन्य स्रोतों से पानी लाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घरों में रखा सामान जल चुका था। आग में बल्ला मीना, काडू मीना, लच्छी मीना, मीठा मीना, लज्जाराम मीना, विद्याराम मीना और हरिओम मीना के मकान जल गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग में सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े, 60 मन अनाज और चारा जलकर राख हो गया। कुल मिलाकर करीब साढ़े छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण जलता हुआ चूल्हा माना जा रहा है।

सूचना मिलने पर एसडीएम धर्मेंद्र वर्मा, तहसीलदार कमलचंद शर्मा, नायब तहसीलदार शीशराम व थानाधिकारी रामचंद्र रावत मौके पर पहुंचे। दोपहर तीन बजे के बाद दमकल पहुंची। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन व सरकार से नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रशासन ने नुकसान का सर्वे कर शीघ्र ही राहत राशि दिलाने का आश्वासन दिया है।