सड़क हादसे में वरिष्ठ लिपिक की दर्दनाक मौत, बेटे की सगाई के एक हफ्ते बाद टूटा परिवार पर दुखों का पहाड़
करौली जिला न्यायालय में कार्यरत एक वरिष्ठ लिपिक की बुधवार सुबह महवा-करौली बाईपास मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से उनके सिर पर पहना हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा बाईपास रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास उस समय हुआ जब वे ड्यूटी के लिए करौली जा रहे थे। मृतक मदन मोहन वर्मा (55) पुत्र बच्चन सैन निवासी वर्धमान नगर हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार, मदन मोहन वर्मा करौली जिला न्यायालय में प्रतिलिपि शाखा में रीडर द्वितीय के पद पर कार्यरत थे। आम दिनों की तरह वे सुबह करीब साढ़े आठ बजे करौली डीजे कोर्ट जाने के लिए घर से निकले थे। बाईपास रोड से निकलते समय करौली रोड से कुछ दूर पहले पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मदन मोहन स्कूटर से गिरकर अचेत हो गए और खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी सवार को अचेत अवस्था में 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी आईसीडीएस सुपरवाइजर शशिबाला और बेटे-बेटियां बदहवास हैं। इस दौरान अस्पताल में काफी भीड़ जमा हो गई। उधर, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।जोधपुर एयरपोर्ट पर इंजीनियर के पद पर कार्यरत बेटे भूपेंद्र की एक सप्ताह पहले 3 जुलाई को सगाई हुई थी।
