Karoli विद्यार्थियों को स्कूल बैग व स्टेशनरी वितरित की गई
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली प्योर इंडिया ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे मेरा गांव मेरी पाठशाला कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी, स्कूल बैग आदि सामग्री का वितरण किया गया। सामान पाकर छात्र-छात्राएं खुश हो गए। संस्था द्वारा करौली के सायपुर, गुनेसरी, कीरतपुरा, काछीपुरा गांव में ट्रस्ट की पाठशाला और कैलादेवी के मंगलम आदर्श स्कूल में छात्रों को लाइब्रेरी का सामान वितरित किया। इस दौरान खेलकूद का सामान, स्टेशनरी और मोबाइल कवर आदि का निशुल्क वितरण किया गया।
ट्रस्ट प्रतिनिधि खुश बिहारी व्यास ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से करौली जिले के अलावा कई सरकारी स्कूलों में ओपन जिम, लाइब्रेरी, खेलकूद सामग्री आदि का वितरण किया है। ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर सरकारी स्कूलों में सामग्री का वितरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य निर्धन और असक्षम छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि संस्थापक प्रशांत पाल के निर्देशन में चल रहे कार्यों की जमकर सराहना लाभार्थी और क्षेत्रवासियों ने की है। छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने संस्था का आभार प्रकट किया। इस दौरान पाठशाला प्रभारी कृष्णा चतुर्वेदी, पाठशाला शिक्षक राधा चतुर्वेदी, संतोष शर्मा और पाठशाला के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
