गर्मी में पक्षियों के लिए जीवनदान: सर्व समाज युवा परिषद ने शुरू किया 'हर घर परिंडा' अभियान
पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए करौली में अनूठी पहल शुरू की गई है। सर्व समाज युवा परिषद ने 'हर घर परिंडा' अभियान शुरू किया है। परिषद के संयोजक जीतू शुक्ला के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। शुक्ला ने बताया कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए हर साल की तरह इस बार भी परिंडा अभियान शुरू किया गया है। लेकिन इस बार अभियान का तरीका अलग है।
परिषद की टीम इस बार स्कूली बच्चों और आम लोगों को परिंडे बांट रही है। बच्चों को इसलिए चुना गया है क्योंकि उनका प्रकृति से खास लगाव होता है। बच्चे इन परिंडों को अपने घर की छत पर रखेंगे और नियमित रूप से इनमें पानी भरेंगे। परिषद का लक्ष्य हर घर तक 1100 परिंडे पहुंचाना है। अभियान की औपचारिक शुरुआत एक निजी स्कूल के छात्रों को परिंडे सौंपकर की गई। इस दौरान बच्चों को नियमित रूप से परिंडों में पानी भरने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शिम्भू दयाल सैन, वेदप्रकाश, नरेन्द्र चौधरी, ओमप्रकाश मीना सहित कई लोग मौजूद थे।
