RAS 2024: हाईकोर्ट में सुनवाई टली आज से शुरू हुई मुख्य परीक्षा, अजमेर और जयपुर में बनाए गए 77 परीक्षा केंद्र
राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) भर्ती-2024 के अभ्यर्थियों को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिल सकी। हाईकोर्ट ने सोमवार को आरएएस भर्ती-2024 की मुख्य परीक्षा स्थगित करने की मांग पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने मौखिक रूप से कहा, कल परीक्षा है और आप आज कोर्ट आए हैं। आखिरी समय में याचिका कैसे स्वीकार की जा सकती है।
हाईकोर्ट में सोमवार सुबह आकाश मिश्रा व अन्य की ओर से याचिका दायर कर कहा गया कि मंगलवार से मुख्य परीक्षा शुरू होने वाली है, इसे स्थगित किया जाए। इसके बाद याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता तनवीर अहमद ने आपात स्थिति का हवाला देते हुए अवकाशकालीन न्यायाधीश मनीष शर्मा से सुनवाई का आग्रह किया, लेकिन कोर्ट ने समय के अभाव में तुरंत सुनवाई करने में असमर्थता जताई।
याचिका में कहा गया कि आरएएस भर्ती-2024 की मुख्य परीक्षा 17-18 जून को है और 2023 की भर्ती के लिए साक्षात्कार चल रहे हैं, वे भी 2024 की मुख्य परीक्षा में बैठेंगे। चयन प्रक्रिया के अनुसार पिछली परीक्षा का अंतिम परिणाम आने के बाद ही अगले वर्ष की भर्ती परीक्षा आयोजित की जाए। इसके अलावा पहलगाम हमले के बाद देश में तनाव के चलते सेना अभ्यर्थियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई, वहीं सीमावर्ती इलाकों में कई दिनों तक ब्लैकआउट रहा और कोचिंग-लाइब्रेरी बंद रहीं। इससे अभ्यर्थियों की तैयारी प्रभावित हुई। आरपीएससी ने इससे पहले वर्ष 2016, 2018, 2021 और 2023 की भर्ती के दौरान भी मुख्य परीक्षा स्थगित की थी, लेकिन इस बार राहत नहीं दी जा रही है।
अजमेर-जयपुर में 77 केंद्रों पर परीक्षा
आरपीएससी की ओर से आरएएस मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन मंगलवार और बुधवार को किया जाएगा। परीक्षा अजमेर व जयपुर जिला मुख्यालयों के 77 केंद्रों पर दो पारियों में होगी। इसमें 21 हजार 539 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक होगा। इसी प्रकार बुधवार को सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्नपत्र सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा सामान्य हिंदी व सामान्य अंग्रेजी प्रश्नपत्र दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर 60 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा।
