Aapka Rajasthan

खनन क्षेत्र में राजस्थान की चमक! 9 खानों को मिली 5-स्टार रेटिंग, 7 कंपनियों को केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित

 
खनन क्षेत्र में राजस्थान की चमक! 9 खानों को मिली 5-स्टार रेटिंग, 7 कंपनियों को केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित​​​​​​​

जयपुर के झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में सोमवार को भारतीय खान ब्यूरो का रेटिंग अवार्ड समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में देशभर की 98 खनन कंपनियों को वर्ष 2023-24 के प्रदर्शन के आधार पर 7 और 5 स्टार रेटिंग के लिए सम्मानित किया गया। तीन कंपनियों को 7 स्टार और 95 को 5 स्टार रेटिंग के लिए अवार्ड मिला। 

राजस्थान की सिर्फ 9 खदानें ही 5 स्टार रेटिंग हासिल कर सकीं। कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि देश को महत्वपूर्ण खनिजों की सख्त जरूरत है। मोबाइल चार्ज करने से लेकर चांद पर जाने तक के लिए इन खनिजों की जरूरत होती है। हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर में भी महत्वपूर्ण खनिजों का महत्व देखने को मिला। हालांकि भारत सरकार इस पर फोकस कर रही है। कई देशों से बातचीत चल रही है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कॉपर और एल्युमीनियम के लिए योजना बनाई जा रही है। राजस्थान में कई ऐसे महत्वपूर्ण खनिज भी हैं, जो देश के किसी अन्य राज्य में नहीं पाए जाते। 

रेटिंग सिस्टम शुरू किया जाएगा- सीएम

सीएम शर्मा ने कहा कि राजस्थान में लोहे से लेकर सोने तक की खदानें हैं। प्रदेश में खनन क्षेत्र के लिए राज्य स्तरीय रेटिंग सिस्टम शुरू किया जाएगा। आने वाले समय में प्रदेश खनन में देश में नंबर वन बनेगा। कार्यक्रम में खान मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संजय लोहिया, भारतीय खान ब्यूरो के मुख्य खान नियंत्रक पीयूष नारायण शर्मा, राज्य के प्रमुख सचिव टी. रविकांत के अलावा कई अधिकारी और खनन कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

क्या होती है रेटिंग...
केंद्र ने 2014-15 में स्टार रेटिंग योजना शुरू की थी। इसका उद्देश्य खनन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धात्मक और जिम्मेदार माहौल तैयार करना है। इसमें सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाती है। देशभर की खनन कंपनियों का सालाना प्रदर्शन के आधार पर हर साल मूल्यांकन और रेटिंग की जाती है।