राजस्थान इस जिले में आवारा पशु बने लोगों के सिर का दर्द, हाईवे से लेकर गली-मोहल्लों तक लोगों की जान खतरे में
करौली जिला मुख्यालय पर आवारा पशुओं की समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है। हाईवे से लेकर मुख्य बाजारों व गलियों में बड़ी संख्या में आवारा पशु घूम रहे हैं। इनके कारण आम लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। सदर बाजार, एनएच-23, सब्जी मंडी, अस्पताल रोड व मदन मोहन मंदिर मार्ग पर दिनभर आवारा पशु घूमते रहते हैं।
मवेशियों के आपसी संघर्ष के कारण अक्सर सड़कें जाम हो जाती हैं। इन पशुओं की चपेट में आकर कई पैदल यात्री व दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की है।
लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही शहर को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
