राजस्थान में डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनाकर ठगे लाखों रूपए, खाते से बरामद हुए करोड़ों रूपए
करौली साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जयपुर के जगतपुरा से गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागौर के डेगाना निवासी गोविंद मोदानी (29) के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस गुजरात के राजकोट से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इनमें मुस्कान हालेपोत्रा (24), आदिल हुनानी (28) और भार्गव चोटालिया (22) शामिल हैं। आरोपियों ने स्काइप कॉल पर डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी देकर करौली के एक डॉक्टर से 6,98,476 रुपए ठग लिए थे। साइबर थानाधिकारी हरिराम के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित को बैंक खातों में लेन-देन का हवाला देकर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। डर के मारे पीड़ित ने जयपुर जाकर आरोपी के खाते में रुपए ट्रांसफर कर दिए। पुलिस की डिजिटल ट्रैकिंग टीम ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गोविंद को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दिन उसके बैंक खाते में आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक से साइबर ठगी के जरिए 2.51 करोड़ रुपए जमा पाए गए। डीएसपी की रीडर रेणु शर्मा की विशेष भूमिका वाले इस ऑपरेशन में यह भी पता चला कि गोविंद के खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के किसी बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़े होने की जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
