Karoli बाजार में पत्थरों से लदे ट्रकों की कतार, सब्जी विक्रेताओं का रोजगार ठप
करौली न्यूज़ डेस्क, सदर थाना पुलिस के बाजार क्षेत्र में जब्तशुदा अवैध खनन के सेंड स्टोन ब्लॉकों से भरे ट्रकों को खड़ा करने से सब्जी ठेला वालों का रोजगार ठप हो गया है। एक दर्र्जन ट्रकों के कतारबद्ध खड़े होने से दो दिन से सब्जी विक्रेता जगह के अभाव में ठेलों पर अस्थाई सब्जी की दुकानें नहीं लगा पा रहे हैं। इससे उनके सामने काम-धंधे का संकट हो गया है। दरअसल शनिवार सुबह पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई में तीन थानों की पुलिस ने गांव करसौली में खरेटा रोड से वन क्षेत्र में अवैध खनन कर निकाली सेण्ड स्टोन के ब्लॉकों से लदे 12 ट्रक पकड़े थे। कार्रवाई स्थल सदर थाना इलाके में होने से ट्रकों को जब्त कर सदर थाना लाया गया। जिन्हें थाना कार्यालय के बाहर लाकर खड़ा कर दिया गया। डीएसपी कार्यालय से उपकारागृह के सामने तक करीब 500 मीटर तक ब्लॉकों से भरे ट्रक खड़े हुए हैं। शनिवार सुबह मंडी से सब्जी खरीद कर लाए ठेला संचालक दुकान नहीं लगा सके। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि भायलापुरा मोड़ से उपकारागृह तक करीब 40 जने ठेलों पर सब्जी की दुकानें लगाते हैं। लेकिन सड़क पर ट्रकों की कतार लगने से ठेला लगाने के लिए जगह नहीं बची है। गौरतलब है कि बीते माह पुलिस ने अवैध खनन की पट्टियों से लदी सात ट्रैक्टर- ट्रॉलियों को जब्त किया था। बाजार में कई दिनों तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खड़े रहने से फुटपाथ के दुकानदारों व सब्जी ठेला वालों को रोजगार को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी।
रास्ता घिरा, आवागमन में परेशानी
सावों के सीजन में बाजार में खरीदारी के लिए इन दिनों लोगों की भीड़ बनी हुई है। बाजार में पहुंचने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का मुख्य रास्ता चौपड़ सर्किल से सदर थाना के सामने होकर है। ऐसे में बाजार क्षेत्र में आधी सड़क के ट्रकों की कतार से घिरने से वाहनों के सामान लेकर निकासी में व लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
