Aapka Rajasthan

Karoli खातेदारी भूमि से गुजरने वाली सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही का विरोध

 
Karoli खातेदारी भूमि से गुजरने वाली सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही का विरोध

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  मांच गांव के आसपास चल रहे खनन के क्रेशरों व किसानों की खातेदारी भूमि से होकर निकलने वाले भारी वाहनों से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर करौली पंचायत समिति के गांव मांच के ग्रामीणों ने सोमवार शाम को मुख्य बस स्टैंड से पैटोली की ओर जा रहे मुख्य सड़क मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। क्रेशरों से हो रहे प्रदूषण व रास्ते की समस्या का समाधान करने प्रशासना से मांग की। रामलखन मीना, भूरा मीना, रामकेश मीणा, शिवप्रसाद पुजारी बालगोविंद पुजारी आदि ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर कई लोगों की खातेदारी की जमीन है। जिन्होंने आवागमन के लिए स्वेच्छा से रास्ता दिया हुआ है, लेकिन क्रेशर संचालकों ने पूरे रास्ते को खराब कर दिया है। बड़े-बड़े वाहन निकलते रहते हैं। इसके लिए किसी खातेदार को मुआवजा भी नहीं दिया गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि क्रेशर संचालकों के वाहनों व अन्य गतिविधियों लिए उनकी जमीन से होकर रास्ता नहीं देंगे। यह रास्ता केवल पैदल राहगीरों, मोटरसाइकिल चालकों आदि के लिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मांच गांव से पैटोली गांव की ओर जा रहा मुख्य मार्ग ग्रामीणों की खातेदारी की भूमि से होकर जा रहा है। इस भूमि की नापजोख एवं मुआवजा की मांग को लेकर पहले भी जिला प्रशासन को अवगत करवाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने रास्ता बंद कर समस्या का समाधान करने की मांग की। करीब दस किमी के इस रास्ते से आधा दर्जन गांवों के लोग जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों की ओर से जाम लगाने के बाद लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। पैटोली, सायपुर, रघुवंशी, दलीलपुर, मकनपुर, मांढई आदि गांवों का संपर्क कट गया। साथ ही मांच गांव में चल रहे क्रेशरों के वाहन भी नहीं आ जा सके। लोगों को लंबा चक्कर लगाकर दूसरे रास्ते से गंगापुरसिटी करौली जाना पड़ रहा है।