Aapka Rajasthan

RCA में फिर गरमाई सियासत! दो दिन बाद होने वाली AGM अचानक स्थगित, CM की दखल के बाद भी नहीं सुधरे हालात

 
RCA में फिर गरमाई सियासत! दो दिन बाद होने वाली AGM अचानक स्थगित, CM की दखल के बाद भी नहीं सुधरे हालात 

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में चल रहा राजनीतिक विवाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हस्तक्षेप के बाद एक बार के लिए थम गया है। इसके बाद 20 जून को पुष्कर में होने वाली वार्षिक आम सभा (एजीएम) स्थगित कर दी गई है। वहीं, एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहाणी का कहना है कि अगली बैठक कब होगी, इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। दरअसल, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में बैठक हुई।

राजस्थान क्रिकेट संघ में चल रहे विवाद को लेकर हुई इस बैठक में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सहकारिता मंत्री गौतम दक और भाजपा विधायक एवं राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहानी भी मौजूद थे। इस बैठक में मौजूदा कमेटी के कामकाज के साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और खेल परिषद से जुड़े हाल के विवादों पर भी चर्चा हुई। लेकिन यह बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद राजस्थान क्रिकेट संघ के भविष्य को लेकर 24 जून को फिर बैठक प्रस्तावित है।

​बिहानी ने कहा- फिलहाल मेरी तबीयत ठीक नहीं है
भाजपा विधायक एवं एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहानी ने कहा कि फिलहाल मेरी तबीयत ठीक नहीं है। इसलिए 20 जून को प्रस्तावित वार्षिक आमसभा की बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। अगली बैठक कब होगी, इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। उन्होंने कहा कि राजस्थान में क्रिकेट के विकास को लेकर हमारी बैठक हुई थी। भविष्य में फिर बैठक कब होगी। इस बारे में मैं फिलहाल कुछ नहीं कहना चाहता।आपको बता दें कि राजस्थान क्रिकेट संघ एडहॉक कमेटी ने 20 जून को पुष्कर में वार्षिक आम सभा की बैठक बुलाई थी। इस आम सभा की बैठक को जयदीप बिहानी गुट के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा था। इसमें बिहानी गुट का समर्थन करने वाले जिला क्रिकेट संघों के सचिवों को भाग लेना था। लेकिन इस बैठक से ठीक पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हस्तक्षेप के बाद अब पूरा मामला शांत होता नजर आ रहा है। ऐसे में राजस्थान क्रिकेट संघ के भविष्य को लेकर 24 जून को प्रस्तावित बैठक में कोई फैसला संभव है।

28 जून को कार्यकाल समाप्त
राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल 28 जून को समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में मौजूदा एडहॉक कमेटी को फिर से विस्तार दिया जाएगा। या फिर नई कमेटी का गठन किया जाएगा। 24 जून को प्रस्तावित बैठक में इस संबंध में भी फैसला हो सकता है। इसके साथ ही पिछले सवा साल से लंबित राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनावों को लेकर भी बैठक में कोई फैसला संभव है। 24 जून को होने वाली बैठक में जिला क्रिकेट संघों के साथ-साथ सवाई मानसिंह स्टेडियम के एमओयू पर भी चर्चा होगी।