करौली में पुलिस का महाअभियान, 400 जगहों पर छापेमारी में पकड़े गए 200 से भी ज्यादा बदमाश
करौली न्यूज़ डेस्क - करौली पुलिस ने एरिया डोमिनेशन विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जिले में एक साथ 402 पुलिसकर्मियों की 97 टीमों ने 400 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इस दो दिवसीय अभियान में कुल 203 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के अनुसार भरतपुर आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया।
इस दो दिवसीय अभियान में कुल 203 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में 31 गिरफ्तारी वारंटी और 31 स्थाई वारंटी शामिल हैं। इनके अलावा 2 जघन्य मामलों के अपराधी और 8 सामान्य अपराधों में वांछित अपराधी भी पकड़े गए। पुलिस ने विभिन्न मामलों और शांति भंग के आरोप में 77 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हिंडौन सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने 29 और सदर हिंडौन थाना पुलिस ने 20 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
सदर हिंडौन थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में वांछित स्मैक तस्कर लखन मीना को भी गिरफ्तार किया है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 25 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने 1946 बोतल देशी शराब और 120 बोतल बीयर जब्त की है। इस दौरान 24 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सपोटरा थाना पुलिस ने अवैध खनन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 5 टन अवैध बजरी जब्त की है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
