Aapka Rajasthan

Karoli जिले के 846 आवासों में प्रधानमंत्री आज कराएंगे गृह प्रवेश

 
Karoli जिले के 846 आवासों में प्रधानमंत्री आज कराएंगे गृह प्रवेश

करौली न्यूज़ डेस्क, जिला सहित देशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना में करीब 10 लाख आवासों की स्वीकृति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से जारी करेंगे। साथ ही प्रथम किश्त की राशि संबंधित के खातों में हस्तांतरित की जाएगी। जिले में करीब 3 हजार आवासों की प्रथम किश्त के रूप में 15 हजार रुपए का भुगतान प्रति लाभार्थी किया जाएगा। जिला परिषद के सीईओ उदयभानु चारण ने बताया कि इसके अलावा पूर्व में आवंटित लक्ष्यों की तुलना में गत दो वर्षों में पूर्ण कराए गए आवासों में से 846 आवासों में गृह प्रवेश कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम 17 सितंबर को सुबह टाउन हॉल में होगा जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भुवनेश्वर (उड़ीसा) से जिले के चयनित 20 लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद करेंगे और उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के मालिकाना हक के रूप में प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपेंगे।

पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर भी गृह प्रवेश समारोह आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना जिला प्रभारी अधिशासी अभियंता धनकेश मीना ने बताया कि जिले के पूर्ण 846 आवासों के 20 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां तथा आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र के साथ श्रीफल, फूलमाला/गुलदस्ता, मिठाई, उपहार स्वरूप शॉल तथा आवास स्वीकृति पत्र जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किए जाएंगे। आवास योजना जिला समन्वयक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि समारोह में 10 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां, आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, आवास स्वीकृति पत्र तथा एक शॉल उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार प्रत्येक ग्राम पंचायत में पूर्ण आवासों के 5 लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा गृह प्रवेश कराया जाएगा।