Karoli सुशासन दिवस रैली में जनप्रतिनिधियों ने नहीं दिखाई रुचि
Dec 26, 2024, 15:05 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली संविधान दिवस, सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सुशासन दिवस का जिला स्तरीय आयोजन बुधवार को सूचना केन्द्र के टाउन हॉल में किया गया। इससे पूर्व सर्किट हाउस से कलक्ट्री परिसर तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विद्यार्थियों व स्काउट्स ने रैली निकाली। रैली में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल होना था, लेकिन उन्होंने रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में एडीएम हेमराज परिड़वाल तथा सीडीईओ गोपाल प्रसाद मीणा ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस मौके पर सीडीपीओ सत्यप्रकाश शुक्ला, पर्यवेक्षक प्रियंका शर्मा, सीओ स्काउट अनिल कुमार, नप एईएन विकास मीणा, स्वच्छता प्रभारी बृजभूषण शर्मा, एएओ आकाश शर्मा आदि मौजूद रहे। रैली टाउन हॉल पहुंची जहां आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कलक्टर नीलाभ सक्सेना ने की। उन्होंने सुशासन दिवस की शपथ दिलाई। मुय अतिथि विधायक दर्शन सिंह गुर्जर एवं विशिष्ट अतिथि नप सभापति पूनम शर्मा रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भारत रत्न स्वर्गीय अटल विहारी वाजपेयी, स्वर्गीय वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण कर किया।
विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने युवाओं को स्वर्गीय वाजपेयी के आदर्शो को अपने जीवन में अपनाने की बात कही। सीडीईओ ने वाजपेयी और पटेल की जीवनी के बारे में जानकारी दी। साथ ही वाजपेयी की कविता कदम मिलाकर चलना होगा.. का वाचन किया। व्यायाता राजेश कुमार मीणा ने भी वाजपेयी की कविताओं का वाचन किया। इस अवसर पर एडीएम, जेडी पशुपालन विभाग डॉ. जीएस मीणा, आईसीडीएस उप निदेशक सत्यनारायण नावरिया, उप रजिस्ट्रार अवतार सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सोनू कुमार जांगिड़ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सुशासन दिवस रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते एडीएम तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधि व अन्य संभागी।
