Karoli जर्जर सड़कों से लोग परेशान, आए दिन हो रहे हादसे
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुख्यालय पर बरसात के सीजन के बाद सड़कें बदहाल हैं। शहर और हाईवे में क्षतिग्रस्त सड़कों के चलते वाहन ड्राइवरों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग और प्रशासन सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क को लेकर गंभीर नहीं है। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला मुख्यालय पर गड्ढे और जर्जर हाल सड़कों के कारण आमजन को आए दिन हादसों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी सड़कों पर रोज दर्जनों वाहन और राहगीर हादसों के शिकार बन रहे हैं। हादसों के शिकार हुए कई लोग तो अपनी जान तक गवां देते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और विभाग आंखें मूंद कर बैठे हैं। ऐसे में आमजन की सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। जिला मुख्यालय पर हाईवे हो या शहर के गली-मोहल्ले या मुख्य सड़कें भी इन दिनों जर्जर हाल में हैं। जिसके चलते सड़कों पर गहरे गड्ढे हो रहे हैं। गड्ढों के चलते पैदल चलने वाले राहगीर, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिला और वाहन ड्राइवर सभी को परेशानी हो रही है।शहर के मुख्य चौराहे फूटा कोट, गणेश गेट, बड़ी हटरिया, डीईओ ऑफिस के पास, छोटी हटरिया, गुलाब बाग, बड़ा बाजार, वजीरपुर दरवाजे के बाहर सहित दर्जनों स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है। साथ ही एनएच 23 पर भी सड़क बदहाल है। लोगों का आरोप है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को और जनप्रतिनिधियों से सड़कों के मरम्मत को लेकर मांग की है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। जिसके चलते शहरवासियों में आक्रोश है।
