Aapka Rajasthan

Karoli अस्पताल में अब रोगियों को आसानी से मिल सकेगा रक्त

 
Karoli अस्पताल में अब रोगियों को आसानी से मिल सकेगा रक्त

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली यहां जिला चिकित्सालय में अक्सर रक्त की कमी से जूझती ब्लड बैंक में अब पर्याप्त रक्त उपलब्ध होने से रोगियों को राहत मिलेगी। ब्लड बैंक में वर्तमान में करीब 100 यूनिट रक्त उपलब्ध है। ऐसे में रोगियों को रक्त की खातिर परेशान नहीं होना पड़ेगा।जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामकेश मीना ने बताया कि चिकित्सालय की ब्लड बैंक में अभी पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध है। करीब 100 यूनिट रक्त ब्लड बैंक में है। ऐसे में रोगियों को आसानी से रक्त उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों आयोजित हुए आयुष्मान आरोग्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के दौरान ब्लड बैंक में रक्त की आपूर्ति हुई है। इससे अब किसी जरुरतमंद रोगी को रक्त उपलब्ध कराने में आगामी दिनों तक कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल रोगियों के लिए बिना डोनर के रक्त उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 25 दिसबर को मण्डरायल कस्बे में भी रक्तदान शिविर का आयोजन होगा, जहां से लगभग 100 यूनिट रक्त आने की संभावना है। इसके अलावा भरतपुर ब्लड बैंक से भी 100 यूनिट रक्त करौली ब्लड बैंक को मिलने की संभावना है।गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक में अधिकांश समय रक्त की कमी बनी रहती है। कई बार स्थिति तो यह आती है कि ब्लड बैंक में केवल रिजर्व लायक ही रक्त रहता है। ऐसे में जरुरतमंद रोगियों के समक्ष रक्त को लेकर मुश्किल खड़ी हो जाती है।

पीएमओ डॉ. रामकेश मीना ने बताया कि चिकित्सालय की ब्लड बैंक से प्रतिमाह लगभग 250 यूनिट रक्त की रोगियों के लिए जरुरत होती है, जबकि मौसमी बीमारियों के दौर में लगभग 400 यूनिट तक की जरुरत होती है। वर्तमान में सर्दी का मौसम होने से बीमारियों में कमी रहती है। ऐसे में ब्लड की जरुरत भी कम हो जाती है। ब्लड बैंक में वर्तमान में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता है। रक्त के उपयोग की अवधि 30 से 35 दिन होती है, ऐसे में रक्त अवधिपार नहीं हो, इसके लिए सभी रोगियों को जरुरत के अनुसार रक्त उपलब्ध हो सकेगा।