Karoli अस्पताल में बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मरीज, सुविधाएं शून्य
Oct 21, 2024, 08:41 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। दोपहर को तेज धूप व सुबह-शाम सर्दी का असर रोग को बढ़ा रहा है। रात के तापमान में गिरावट आने से वायरल, खांसी, जुखाम के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की कतार लगी रहती है। ओपीडी में रोजाना 300 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। लेकिन अस्पताल में सुविधाओं के अभाव में मरीजों को परेशानी होती है। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में रिक्त पदों को भरने व सुविधाएं उपलब्ध कराने की कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मांग की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होता।
सोनाग्राफी मशीन बनी शोपीस: अस्पताल में सोनोग्राफी की जांच के लिए सोनोलोजिस्ट चिकित्सक नहीं होने से सोनाग्राफी मशीन का उपयोग नहीं हो रहा है। रोजाना पेट दर्द आदि के मरीज आते हैं। जिनकी जांच के लिए सोनाग्राफी लिखी जाती है, लेकिन चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को बाहर जांच करानी पड़ती है। प्रसूताओं को भी जांच के लिए बाहर जाना पड़ता है। निजी मशीनों पर जांच के 500 से 700 रुपए लगते हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त : अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त चल रहे हैं। जिससे गंभीर हालत के मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर इलाज के लिए आसपास के सैकड़ों गांवों के मरीज इलाज के लिए आते हैं। उपजिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बाद भी यहां सुविधाएं विकसित नहीं हो पा रही है।
