Aapka Rajasthan

Karoli ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं में बढ़ोत्तरी का इंतजार कर रहे हैं मरीज

 
Karoli ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं में बढ़ोत्तरी का इंतजार कर रहे हैं मरीज

करौली न्यूज़ डेस्क, ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय में क्रमोन्नति के दो वर्ष बाद भी आमजन को स्तरीय आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं नहीं मिल रही हैं। चिकित्सालय को न तो समुचित भवन मिला है और न ही चिकित्सकों व अन्य कार्मिकों का पदस्थापन हुआ है। ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सालय का औषधालय स्तरीय संसाधनों से ही संचालित है। गत वर्ष एक चिकित्सक के सेवानिवृत होने से चिकित्सालय में एक महिला आयुर्वेद चिकित्सक ही कार्यरत है। क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेद पद्धति से उच्चीकृत चिकित्सा सेवाएं देने के लिए राज्य सरकार ने फरवरी 2023 में शहर में ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय घोषित किया था। इसके तहत जिला चिकित्सालय में एक छत योजना के तहत संचालित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय को ब्लॉक स्तर में क्रमोन्नत किया गया। क्रमोन्नति के ही आयुर्वेद विभाग ने कार्यरत दो चिकित्सकों के अतिरिक्त दो आयुर्वेद चिकित्सक, एक-एक यूनानी व होम्योपैथिक चिकित्सक, दो कम्पाउण्डर व एक लिपिक का पद सृजित कर स्वीकृति जारी कर दी। बजट घोषणा को दो वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन चिकित्सक और अन्य कार्मिकों का पदस्थापन नहीं हुआ है। न ही पर्याप्त भवन मुहैया कराया गया है। ऐसे में जिला चिकित्सालय के भवन में दो कक्षों में ही ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सालय संचालित है। इसके चलते ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा सेवाएं शुरू नहीं होने से रोगियों को लाभ नहीं मिल रहा है।

नहीं आए यूनानी व होम्योपैथी डॉक्टर

ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सालय में एक परिसर में आयुर्वेद, यूनानी व होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति मुहैया कराई जानी है।इसके लिए यूनानी व होम्योपैथी डॉक्टर के एक-एक पद स्वीकृत किए गए हैं। गौरतलब है कि शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर होम्योपैथी चिकित्सालय व यूनानी दवाखाना संचालित है। ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सालय में न तो इन पद्धतियों के नए चिकित्सकों का पदस्थापन हुआ है और न ही दूसरे स्थानों पर संचालित चिकित्सालयों का समायोजन हुआ है। लोगों को ब्लॉक स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का शीघ्र लाभ मिलने का इंतजार बना हुआ है।