पांचना डैम लबालब! जलस्तर बढ़ने पर खोले गए दो गेट, प्रशासन ने दी चेतावनी नदी किनारे से दूरी बनाए रखने की चेतावनी
करीब दो दशक पहले बनकर तैयार हुआ जिले का सबसे बड़ा पांचना बांध इस बार आषाढ़ माह में लबालब भरकर छलक गया है। बुधवार देर शाम क्षेत्र में हुई बारिश के बाद बांध में पानी की अच्छी आवक हुई। इसके चलते बांध का जलस्तर 258.10 मीटर पहुंचने पर दो गेटों से पानी की निकासी शुरू कर दी गई। दो गेटों से गंभीर नदी में 6 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार शाम बांध के जलग्रहण क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, जिससे बांध में पानी की आवक बढ़ गई। कुल 258.62 मीटर भराव क्षमता वाले इस बांध का जलस्तर बुधवार सुबह 258 मीटर था, जिसका जलस्तर देर शाम 258.10 मीटर तक पहुंच गया और पानी की आवक जारी रहने पर शाम करीब साढ़े सात बजे दो गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी गई।
बांध के गेट संख्या 3 व 4 से प्रत्येक गेट से 3 हजार क्यूसेक पानी गंभीर नदी में छोड़ा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा की दृष्टि से बांध के बहाव क्षेत्र में न घूमें और अपने पशुओं को भी वहां न जाने दें। विभाग के सहायक अभियंता वीरसिंह जाटव, कनिष्ठ अभियंता भवानी मीणा व अन्य कार्मिक बांध में पानी की आवक पर नजर रखे हुए हैं।
