Aapka Rajasthan

Karoli दुर्घटना में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत पर आक्रोश, ट्रैफिक जाम

 
Karoli दुर्घटना में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत पर आक्रोश, ट्रैफिक जाम
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  कुड़गांव सड़क मार्ग पर मंडावरा चौराहे के समीप सोमवार सुबह करीब छह बजे ट्रक की टक्कर से मंडावरा निवासी सेवानिवृत शिक्षक की मौत हो गई। जिस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कुड़गांव सपोटरा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश की।जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया। ग्राम पंचायत महमदपुर के गांव मंडावरा निवासी रघुवीर शर्मा (72) पुत्र सुआलाल शर्मा सोमवार सुबह घूमने के लिए घर से निकले थे। वापस आते समय मंडावरा चौराहे के समीप पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको एम्बुलेंस से कुड़गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से करौली सामान्य चिकित्सालय रैफर कर दिया। जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी: सड़क हादसे के मामले में थाना अधिकारी रुक्मणी गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जप्त कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। जिसके लिए संबंधित विभाग से अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

स्पीड ब्रेकर नहीं होने से तेज गति से दौड़ते वाहन

दुर्घटना के बाद जाम लगाने की सूचना मिलने पर थाना अधिकारी रुक्मणी गुर्जर सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।जहां ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से दौड़ते हैं। चौराहा होने के बावजूद वाहन चालक गति धीमी नहीं करते हैं। जिससे हादसे होते रहते हैं। घटना पर रोक जताते हुए ग्रामीणों ने जाम नहीं हटाने की बात कही, लेकिन थानाधिकारी ने समझाइश कर जाम हटवाया। जिसके बाद यातायात सुचारु हुआ। ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने व शीघ्र ही स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। जिसका थानाधिकारी ने आश्वासन दिया।