Karoli शहर में वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली दीपावली, धनतेरस सहित त्योहारों पर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए परकोटे के अंदर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान हिंडौन दरवाजे बाहर कोतवाली के पास, गणेश गेट, वजीरपुर गेट से प्रवेश बंद रहेगा। कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को नियंत्रित किया जा रहा है।वाहनों को रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा प्रतिबंध लगाने के बाद भी फूटाकोट, हिंडौन गेट सहित कुछ स्थानों पर तिपहिया और चार पहिया वाहन शहर के बाजारों में घूमते तथा भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर खड़े नजर आए। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां गौरतलब है कि धनतेरस और दीपावली नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है।
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति-सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ना सिर्फ एक तरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही बाजारों में पुलिसकर्मियों द्वारा गश्त भी की जा रही है। साथ ही वाहन चालक और दुकानदारों को भी बाजारों में दोपहिया खड़े नहीं करने के लिए समझाइश की जा रही है।उन्होंने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले और सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस कर्मी तैनात किए है।
