Aapka Rajasthan

दौसा-करौली में NIA का बड़ा एक्शन! लॉरेंस के गुर्गों ने धर्मशालाओं में ली थी शरण, हथियार तस्करी से जुड़ा है मामला

 
दौसा-करौली में NIA का बड़ा एक्शन! लॉरेंस के गुर्गों ने धर्मशालाओं में ली थी शरण, हथियार तस्करी से जुड़ा है मामला 

राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने राजस्थान के दौसा स्थित मेहंदीपुर बालाजी कस्बे की कई धर्मशालाओं में तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई शुक्रवार रात को की गई। रात 8 बजे जब टीम इलाके की धर्मशालाओं में पहुँची, तो संचालकों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, एनआईए ने हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस के गिरोह से जुड़े एक बदमाश को रंगदारी, धमकी और हथियार तस्करी के मामले में हिरासत में लिया था।

बदमाशों ने धर्मशालाओं में बिताया था फरारी का समय

पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश और उसके साथी ने मथुरा-वृंदावन और मेहंदीपुर बालाजी समेत कई धार्मिक स्थलों में फरारी का समय बिताया था।ऐसे में सबूत जुटाने के लिए एनआईए की टीम ने मेहंदीपुर बालाजी कस्बे और करौली की 4 धर्मशालाओं की तलाशी ली। धर्मशालाओं के यात्री पंजीकरण रजिस्टरों की गहन जाँच की गई है।

साढ़े तीन घंटे तक 4 धर्मशालाओं की तलाशी ली गई

मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी गौरव प्रधान ने बताया कि मामला दिल्ली से जुड़ा है। टीम ने स्थानीय पुलिस को मामले से संबंधित कोई इनपुट नहीं दिया। टीम को क्या मिला और क्या नहीं, इसकी कोई जानकारी नहीं है।एनआईए के डीएसपी रामगोपाल शर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने दौसा जिला क्षेत्र (मेहंदीपुर बालाजी) की 2 और करौली जिला क्षेत्र की 2 धर्मशालाओं के रिकॉर्ड खंगाले और साक्ष्य जुटाए। यह कार्रवाई रात 8 बजे से 11.30 बजे तक चली। इसके बाद टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई।