Karoli नए वर्ष का नया संकल्प, बिना हेलमेट नहीं दौड़ाएंगे दोपहिया वाहन
करौली न्यूज़ डेस्क, जिले में आगामी नए वर्ष में दोपहिया वाहन चालकों पर हेलमेट की अनिवार्यता लागू होगी। बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर अब ऐसे वाहन चालकों को जुर्माना चुकाना पड़ेगा। जिला पुलिस की ओर से हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर नए वर्ष में नया संकल्प लिया गया है।जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में जिला पुलिस की ओर से जिले में 1 जनवरी से हेलमेट की अनिवार्यता लागू की जा रही है। इसके लिए पुलिस की ओर से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ऑटो-टेपो के जरिए भी आमजन को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार शुरू किया गया है। यहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से करीब एक दर्जन ऑटो-टेपों पर आगामी 1 जनवरी 2025 से हेलमेट की अनिवार्यता लिखे स्टीकर चस्पा करके रवाना किए गए। जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने इन ऑटो को रवाना किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि नए वर्ष में सभी को नया संकल्प लेना होगा, जिसमें बिना किसी चेतावनी के दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट आवश्यक रूप से लगाएं। उन्होंने कहा कि हेलमेट बोझ नहीं है बल्कि सुरक्षा है। जीवन की सुरक्षा के लिए हेलमेट आवश्यक है। सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में हेलमेट सुरक्षा प्रदान करता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने का सभी को संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर यातायात प्रभारी महावीरप्रसाद सहित अन्य मौजूद रहे।
