Karauli में मां के खून से रंगे बेटे के हाथ! इस छोटी से बात पर बेरहमी से कर दी हत्या, और फिर लाश को....'
करौली न्यूज़ डेस्क- हिंडौन में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हिंडौन के सदर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में शराब के नशे में धुत बेटे ने पैसे नहीं देने पर अपनी 60 वर्षीय मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकालकर हिंडौन जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।
पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को सिकंदरपुर गांव निवासी महिला लखन बाई जाटव फसल की रखवाली के लिए खेत में सो रही थी। इसी दौरान उसका शराब के नशे में धुत बेटा दयाल वहां पहुंच गया। उसने मां से 3 हजार रुपए मांगे। मां ने मना किया तो उसने झगड़ा किया और फिर मां पर हमला कर दिया।
उसने मां का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने पास के खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। मंगलवार को आरोपी ने खुद ही अपनी भाभी को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डीएसपी गिरधर सिंह और सदर थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला। मृतक के दूसरे बेटे भूरा सिंह जाटव की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
