मानसून की मेहरबानी या मुसीबत? राजस्थान में सामान्य से 150% अधिक वर्षा, 11 जिलों के लिए फिर जारी हुआ रेड अलर्ट
राजस्थान में मानसून के बादल पूरी तरह मेहरबान हैं। शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी राजस्थान में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में सीकर, अलवर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर समेत कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। जैसलमेर में दो दिन में करीब तीन इंच बारिश हुई, वहीं जोधपुर में शुक्रवार शाम आधे घंटे तक तेज बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। उधर, राजधानी जयपुर में सुबह और दोपहर में तेज बारिश के बाद उमस बनी रही।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की प्रबल संभावना है। शनिवार को अलवर, दौसा, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, डीग, गंगापुर सिटी और सवाई माधोपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी/अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। रविवार तक बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर, पाली और सिरोही जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
कहां कितनी बारिश दर्ज की गई
पिछले 24 घंटों में जयपुर में 13.2 मिमी, सीकर में 27 मिमी, वनस्थली में 15.4 मिमी, डबोक में 24.2 मिमी, जैसलमेर में 114 मिमी, डूंगरपुर में 45 मिमी, दौसा में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार, अब तक राज्य में सामान्य से 150 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।
