Aapka Rajasthan

Karoli दीपोत्सव को लेकर बाजारों में रौनक, सजावट की चल रही तैयारियां

 
Karoli दीपोत्सव को लेकर बाजारों में रौनक, सजावट की चल रही तैयारियां
करौली न्यूज़ डेस्क, करौलीशहर के बाजारों में दीपोत्सव की रौनक छाने लगी है। पिछले दिनों से लोग घर-दुकानों की रंगाई-पुताई में जुटे हैं, वहीं दुकान- मकानों की पुताई के बाद अब साज सज्जा का दौर चल रहा है। जिससे बाजार में सजावटी सामग्री की बिक्री खूब हो रही है। जगह-जगह पोस्टर, फूल मालाएं, रंगोली सहित अन्य सजावटी सामग्री की दुकानें लगी है। जिन पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ दिख रही है। शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्र से लोग शहर के बाजारों में पहुंचकर खरीदारी में जुटे हैं। इससे बाजारों में भी खासी चहल-पहल बनी हुई है।

पशुओं को भी सजाने की तैयारी: दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुओं को सजाने की परम्परा गांवों में विशेष रूप से रहती है। ऐसे में पालतु गाय, भैंस आदि को सजाने के लिए भी लोग बाजार से गले की घंटीनुमा कंठी, माला, तिलक आदि दुकानों पर बिकने लगी हैं। लोग इनकी खरीदारी कर रहे हैं। पशुओं को सजाने के लिए रंगों की भी खरीदारी शुरू हुई है।

पोस्टरों की कर रहे खरीदारी: बाजार में सजी दुकानों पर विभिन्न प्रकार के पोस्टर लोगों को लुभा रहे हैं। देवी देवताओं, प्राकृतिक दृश्य के अलावा अन्य प्रकार के पोस्टर लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। युवाओं का जहां फिल्मी सितारों वाले पोस्टर खरीदने में रुझान है, वहीं महिलाएं व अन्य लोग देवी देवताओं, प्राकृतिक दृश्य, रंगोली आदि के पोस्टर खरीद रही है।

भा रही रेडिमेड रंगोली

घरों की सजावट के लिए यूं तो महिलाएं कलर पेंट्स से रंगोली बना रही है, वहीं मांडणे भी बनाए जा रहे हैं, लेकिन आधुनिक दौर में बाजार में पोस्टरनुमा रंगोली का चलन भी काफी बढ़ गया है। विभिन्न डिजाइन की रेडिमेड रंगोली घर के फर्श, दीवारों आदि पर बहुत ही शानदार लगती है। जो सजावट में चार चांद लगा देती है।