Karoli ग्राम विकास अधिकारी से मारपीट के आरोपी को भेजा जेल
करौली न्यूज़ डेस्क, श्रीमहावीरजी पंचायत समिति की ग्रामपंचायत अलीपुरा के ग्रामविकास अधिकारी से मारपीट में मामले गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपी सिकंदरपुर गांव निवासी उदयराज मीणा को गत दिवस गुजरात से गिरफ्तार किया है। सदर थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि आरोपी को अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रमांक-1 में पेश किया गया। जहां से उसे 18 अक्टूबर तक न्यायिक अभिरक्षा में हिण्डौन उपकारागृह में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि आरोपी ने 10 सितम्बर के अलीपुरा के ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी आनंदसिंह से मारपीट कर दी तथा सरकारी कागजात फाड़ दिए। जिसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद आरोपी के फरार होकर गुजरात पहुंच गया और मजदूरी करने लगा। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्राम विकास अधिकारियों ने पेन डाउन हड़ताल की हुई थी।शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालय पर भी धरना दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में शामिल एएसआई अशोक कुमार, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह व प्रधान ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गुजरात पहुंच गिरफ्तार किया था।
