Aapka Rajasthan

Karoli सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

 
Karoli सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली सपोटरा मोड़ से अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे बाइक सवार युवक की रविवार रात करीब सवा आठ बजे सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। घटना की सूचना पर आसपास मौजूद लोगों ने घायल हुए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जहां से उसे करौली रैफर कर दिया, लेकिन करौली ले जाने के लिए शीघ्र एबुलेंस नहीं मिल सकी। ऐसे में युवक पवन सैन पुत्र रमेश सैन निवासी धूलवास ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीण पवन झाड़ौदा, भंवर गज्जूपुरा, रमेश आदि ने बताया कि करीब आधा घंटे इंतजार करने के बाद एबुलेंस मिली। जिससे घायल पवन को गंगापुर सिटी के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पवन की सपोटरा में कटिंग की दुकान है। दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मामले में परिजनों ने मर्ग दर्ज कराया है। पवन के एक पुत्र व एक पुत्री है। ग्रामीणों ने पवन के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

निजी स्कूल बस की टक्कर से बाइक चालक घायल

गुढ़ाचंद्रजी कस्बे में पुलिया के समीप सोमवार दोपहर दो बजे एक निजी स्कूल की बस व मोटरसाइकिल की भिड़ंत में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि स्कूल बस छात्रों को परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर दो बजे वापस छोड़ने जा रही थी। इस दौरान पुलिया के समीप अचानक मोटरसाइकिल से टकरा गई। जिससे मोटरसाइकिल चालक महेंद्र गुर्जर पुत्र रणधीर गुर्जर निवासी मांचड़ी घायल हो गया। जिससे उसके पैर में फ्रेक्चर हुआ है।

कुड़गांव यहां कुड़गांव गैरई सड़क मार्ग पर लेदिया मोड़ के समीप रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक जने की मौत हो गई। जिसकी प्राथमिकी स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया की बर्रिया निवासी मोनू माली ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि उसका पिता मुंशी माली रविवार शाम को गंगापुर से बर्रिया गांव मोटरसाइकिल से आ रहे थे। इस दौरान लेदिया मोड़ के समीप मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पिता घायल हो गए। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाने पर उसके पिता मुंशी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।