Aapka Rajasthan

राजस्थान में Mid Day Meal योजना में बड़ा बदलाव, अब सीजन के अनुसार बच्चों को मिलेगा स्पेशल न्यूट्रिशन डाइट

 
राजस्थान में Mid Day Meal योजना में बड़ा बदलाव, अब सीजन के अनुसार बच्चों को मिलेगा स्पेशल न्यूट्रिशन डाइट

राजस्थान सरकार ने स्कूलों में मिड-डे मील को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब बच्चे सिर्फ थाली में परोसे जाने वाले खाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके पोषण और मौसम को ध्यान में रखते हुए मेन्यू में नए और पौष्टिक खाद्य पदार्थ जोड़े जा रहे हैं। राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रशासन को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।अब स्कूलों में बच्चों को सप्ताह के अलग-अलग दिन दूध, बिस्किट, अंडे, केक, मौसमी फल और अन्य पौष्टिक पदार्थ परोसे जाएंगे। इससे बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना

बदलाव के तहत मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना को फिर से प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसके तहत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को सप्ताह में दो दिन गर्म दूध, बिस्किट और अंडे दिए जाएंगे। अगर कोई बच्चा अंडे नहीं खाता है, तो उसके लिए केला या अन्य विकल्प दिए जाएंगे।

मौसम के हिसाब से मेन्यू
मिड-डे मील में बदलाव की योजना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं। अब इसे मैदान में लागू करने की तैयारी की जा रही है। शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि स्थानीय जलवायु और मौसम को ध्यान में रखते हुए भोजन तैयार किया जाए, ताकि बच्चों को संतुलित मात्रा में ठंडी या गर्म चीजें मिलें और उन्हें किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या का सामना न करना पड़े।

स्कूल में उपस्थिति बढ़ेगी
इसके अलावा थाली में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वाद पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पैकेज्ड केक, मौसमी फल और फोर्टिफाइड दूध जैसी पोषण से भरपूर चीजें अब मिड-डे मील का हिस्सा होंगी। इस पहल से न केवल बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलेगा, बल्कि स्कूल में उपस्थिति भी बढ़ेगी और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।