हनुमान जन्मोत्सव पर बना महासंयोग: सिर्फ एक छोटा सा काम, और इन 5 राशियों की बदल जाएगी किस्मत
कलियुग के सिद्ध देव भगवान हनुमान की जयंती इस बार 12 अप्रैल को बहुत ही शुभ संयोग में मनाई जाएगी। हर साल तिथि के अनुसार चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के दिन हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस साल यह तिथि शनिवार को पड़ रही है, जिससे हनुमान जन्मोत्सव का महत्व और भी बढ़ गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंगलवार को हनुमान जी का प्रिय दिन माना जाता है, लेकिन इस बार संकटमोचन हनुमान का यह पावन पर्व शनिवार को पड़ रहा है, जो विशेष फलदायी माना जाता है।
हिंडौन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. धीरज शर्मा के अनुसार जो लोग किसी बड़े संकट से गुजर रहे हैं, उन्हें इस अवसर पर हनुमान जी की विशेष पूजा अवश्य करनी चाहिए। ज्योतिषाचार्य शर्मा के अनुसार जिन लोगों की नौकरी में बाधाएं आ रही हैं, व्यापार मंदा चल रहा है या फिर जो विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं या कोई बड़ी परीक्षा दी है, उन सभी को हनुमान जन्मोत्सव पर विधिवत पूजा करनी चाहिए। इस शुभ संयोग में की गई हनुमान पूजा से सभी प्रकार के संकट नष्ट होते हैं और पवनपुत्र भक्तों की रक्षा करते हैं।
सुबह-सुबह करें ये काम
पं. धीरज शर्मा ने बताया कि हनुमान जयंती के दिन सुबह स्नान करने के बाद सबसे पहले हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाना चाहिए। इसके बाद कम से कम 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करना चाहिए। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन यदि सुंदरकांड का पाठ भी किया जाए तो यह और भी फलदायी होता है और सभी संकटों का नाश होता है। उन्होंने आगे बताया कि हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए इस दिन चूरमा या चने-गुड़ का प्रसाद चढ़ाना चाहिए। ये दोनों ही प्रसाद हनुमान जी को बहुत प्रिय हैं।
इन राशियों के लोगों को जरूर करनी चाहिए पूजा
पं. शर्मा ने बताया कि इस समय कुंभ, मेष और मीन राशि के लोग शनि की साढ़ेसाती से गुजर रहे हैं और सिंह व धनु राशि वाले शनि की ढैय्या के प्रभाव में हैं, इन्हें हनुमान जयंती पर विशेष रूप से हनुमान जी की पूजा करनी चाहिए। ऐसा करने से शनि के अशुभ प्रभावों से मुक्ति मिलती है और जीवन में स्थिरता आती है।
