Karoli में बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, घरों में घुसा पानी
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले में पिछले कई दिनों से आफत की बारिश का दौर जारी है। लगातार कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण करौली, हिंडौन सहित कई ग्रामीण इलाकों में जलभराव के कारण बाढ़ के हालात बने हैं। बीते 24 घंटे में करौली जिला मुख्यालय पर 58 एमएम बारिश दर्ज की गई है। करौली के गौशाला-रामद्वारा मार्ग, होली खिड़कियां बाहर राधेश्याम फार्म हाउस के सामने, गणेश गेट बाहर बग्गी खाना, तीन दरवाजा, पॉवर हाउस क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सोमवार सुबह जिला प्रभारी सचिव आशुतोष पेंडनीकर करौली पहुंचे और जलभराव क्षेत्र का जायजा लिया। साथ ही पावर हाउस में विद्युत निगम के अधिकारियों से बारिश से हुए नुकसान और विद्युत व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौसम विभाग ने क्षेत्र में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ अलर्ट मोड पर है। पांचना बांध के चार गेट खोलकर 16 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
जलभराव के कारण तीन दरवाजा, पावर हाउस, रामद्वारा, गौशाला मार्ग और वीर हनुमान के पास कई घरों में पानी भर गया। इसके कारण दर्जनों घरों में खाने-पीने का सामान और घरेलू वस्तुएं खराब हो गई। कई लोगों ने परिचित और रिश्तेदारों के घर में आश्रय लिया है। तो जिला प्रशासन द्वारा सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की मदद से जलभराव क्षेत्र से लोगों को रेस्क्यू कर तीन अलग-अलग सरकारी स्कूलों में रुकने का प्रबंध किया है। साथ ही भोजन के पैकेट का भी वितरण किया जा रहा है। हालांकि आज अन्य दोनों के मुकाबले बारिश की मात्रा कम है। जिसके चलते पानी का स्तर घटा है, लेकिन रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन पर मदद नहीं पहुंचने के आरोप लगाए हैं। हालांकि सिविल डिफेंस वार्डन तरुण शर्मा ने बताया कि रसद विभाग और विभिन्न संगठनों की मदद से भोजन के पैकेट का वितरण किया था।
सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ टीम जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर हालात पर नजर बनाए हुए है। उधर देर रात संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को लगातार राहत बचाव कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, एसपी ब्रजेश ज्योति उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते जिला कलेक्टर ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी की है।रामद्वारा क्षेत्र में लगातार 3 दिन से जलभराव के चलते व्यापारियों को भी लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। मार्ग पर ही दो बाइक कंपनियों के शोरूम और व्यापारियों के गोदाम हैं। अंकुर ट्रेडिंग कंपनी के मालिक ने बताया कि उनकी दुकान में 1 हजार से अधिक चीनी के कट्टे रखे थे। जो जलभराव के चलते खराब हो गए और 22 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
