Aapka Rajasthan

Karoli उपजिला अस्पताल एवं रोडवेज बस स्टैंड के लिए स्थान का निरीक्षण

 
Karoli उपजिला अस्पताल एवं रोडवेज बस स्टैंड के लिए स्थान का निरीक्षण

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली बजट घोषणा में सपोटरा उपखंड मुख्यालय पर रोडवेज बस स्टैण्ड व उपजिला अस्पताल की घोषणा के बाद भूमि चिह्नित करने के लिए विधायक हंसराज मीना ने रविवार को सपोटरा क्षेत्र का दौरा कर जगह को मुआयना किया। विधायक ने बताया कि आमजन की सुविधा को देखते हुए निर्माण के लिए जगह तय की जाएगी। सपोटरा क्षेत्र के बूकना हाडौती सड़क मार्ग पर खावदा गांव के समीप चरागाह भूमि, तुरसंगपुरा के पटेल स्टेडियम व कॉलेज भवन के आसपास भूमि का मुआयना किया।

इस दौरान सपोटरा तहसीलदार नवलकिशोर शर्मा, पटवारी अवधेश कुमार सेहरा सहित भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह अडूदा, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मुरारी पाकड, अशोक शर्मा धूलवास मौजूद रहे। विधायक हंसराज ने तहसीलदार नवलकिशोर शर्मा से भूमि के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि सपोटरा कस्बे के निकट व आमजन की सुविधानुसार भूमि को चिह्नित किया जाएगा। जिससे की क्षेत्र के लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। विधायक हंसराज मीना ने कहा कि लोगों की सुविधा व सपोटरा क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार ने उपजिला अस्पताल व रोडवेज बस स्टैण्ड की घोषणा की है। सरकार की घोषणा का लोगों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से भूमि को चिह्नित करने की कवायद की है। जिससे की शीघ्र लाभ मिल सके।