Karoli कलेक्ट्रेट में छतें टपक रही, रिकॉर्ड बचाना चुनौती
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले में शिक्षा के मंदिरों की बदहाली के बाद अब सरकारी कार्यालय और भवन भी बारिश के चलते महफूज नजर नहीं आ रहे हैं। लगातार बारिश के चलते जिला मुयालय पर कई सरकारी भवनों में पानी टपक रहा है। इसके चलते कार्मिकों को रेकॉर्ड को भीगने से बचाना मुश्किल भरा हो रहा है। बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक 24 घंटे में हुई 120 मिमी बारिश के चलते कलेक्ट्री परिसर में कई कार्यालयों की छत से पानी टपक रहा है तो कई दीवारों में सीलन आ गई है। कलेक्ट्री के गलियारों से पानी टपक रहा है, जिससे फिसलन होने से फरियादियों को भी आवाजाही में परेशानी हुई।
वहीं कार्यालयों में कार्मिक बारिश के पानी से सरकारी रेकार्ड बचाने में जुटे नजर आए। कलेक्ट्री के कमरा नंबर 224 महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय की दीवारों में सीलन आ रही है। दीवार के नीचे इलेक्ट्रिक वायरिंग सेटअप लगा है। ज्यादा पानी या सीलन आने से इसमें शॉर्ट सर्किट का अंदेशा बना हुआ है। कमरा नंबर 225 संयुक्त निदेशक कृषि कार्यालय की दीवारों में भी पानी का रिसाव हो रहा है। कृषि विभाग के कमरा नंबर 216 तथा कमरा नंबर 202 श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय के कार्मिकों ने बताया कि बारिश सेे दीवारों में सीलन आ गई है।
यही हाल संस्थापन शाखा के कमरा नंबर 128 का है। कलेक्ट्री के प्रथम और द्वितीय तल पर गलियारे की छत से पानी टपक रहा है। ग्राउंड लोर पर कमरा नंबर 19 की दीवारों में बारिश के पानी से सीलन आ रही है। दीवार से सटाकर काफी रेकार्ड रखा हुआ है, जिसके खराब होने का अंदेशा बना हुआ है। यहीं हाल राजस्व रेकार्ड के कमरा नंबर 17 का है, जहां लगातार बारिश से दीवारों में दरारें और सीलन आ रही है।
