राजस्थान के इस जिले में बड़े स्तर पर एरिया डोमिनेशन अभियान! 464 ठिकानों पर दबिश देकर पकड़े 100 से ज्यादा अपराधी
करौली पुलिस को दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 297 जवानों की 71 टीमें बनाकर जिले में 464 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इस अभियान में कुल 106 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में विभिन्न श्रेणी के अपराधी पकड़े गए।
इनमें 34 स्थाई वारंटी, 4 संगीन मामलों में वांछित, 2 सामान्य अपराधों में वांछित और 2 इनामी अपराधी शामिल हैं। साथ ही आबकारी अधिनियम के तहत 9, अवैध हथियार रखने के मामले में 2 और 1 हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया। अन्य अधिनियमों के तहत 11 अपराधी पकड़े गए। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 नए मामले दर्ज किए। इस दौरान 681 बोतल शराब जब्त की गई और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अवैध खनन के 2 मामले दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। हथियारों के मामले में 1 देशी पिस्तौल, 1 जिंदा और 1 खाली कारतूस बरामद किया गया। हिंडौन के नई मंडी थाना पुलिस को विशेष सफलता मिली। टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश रिंकू मीना उर्फ पोन्या और मनीष कुमार मीना को 21 मई को महू इब्राहिमपुर से गिरफ्तार किया।
