Karoli लोकसभा चुनाव के बाद मत पर्चियों की कतरन में जुटे कार्मिक
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव परिणाम के बाद 45 दिन तक वीवीपेट की मत पर्चियों को सुरक्षित रखना तथा इस बीच किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं आने पर इनकी कतरन कर निस्तारण करना होता है। ऐसे में करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभाओं की वीवीपेट मशीनों को पुलिस निगरानी में राजकीय महाविद्यालय में रखवाया गया था। 45 दिन के बाद इन बक्सों को एक अगस्त को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के एक हॉल में लाकर सोमवार से लिफाफों से मत पर्चियों को निकालकर श्रेडिंग मशीन से पर्चियों की कतरन कर बोरों में भरने का कार्य किया जा रहा है।
मत पर्चियों की कतरन नगरपरिषद से श्रेडिंग मशीन मंगवाकर की जा रही है, लेकिन यह छोटी मशीन करीब 30 मिनट बाद गर्म होकर बंद हो रही है। फिर से सुचारू होने में कम से कम 15 मिनट लगते हैं। कार्मिकों ने बताया कि एक मशीन से कार्य करने पर करीब 2 माह लगेंगे, जबकि जरुरत 6 मशीनों की है। ऐसे में अतिरिक्त जिला कलक्टर से मशीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयपुर के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव 2024 के मॉकपोल तथा वास्तविक मतदान के करौली-धौलपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में विधानसभा बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा, धौलपुर, टोड़ाभीम, हिंडौन, करौली और सपोटरा के लिए काम में ली गई वीवीपेट मशीनों की मुद्रित पर्चियों का निस्तारण पेपर श्रेडिंग मशीन से करने के संबंध में 24 जुलाई को निर्देश जिला प्रशासन को प्राप्त हुए थे।
